घने कोहरे की वजह से पलटी बस, एक दर्जन यात्री जख्मी
बांका : जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत देवैया गांव के समीप बस पलटने से उस पर सवार एक दर्जन लोग जख्मी हो गए. घटना रात में घने कोहरे की वजह से हुई. घायलों में चार की स्थिति गंभीर है. सभी घायलों को इलाज के लिए धोरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चार घायलों की चिकित्सा अभी चल रही है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. वे अपने-अपने घर चले गए.

पुलिस के अनुसार चंदाडीह गांव के कमल सिंह का शव दाह संस्कार कर गांव के लोग भागलपुर से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान घने कोहरे में सड़क स्पष्ट नहीं दिख पाने की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गयी. दुर्घटना में दर्जन भर यात्री जख्मी हो गए. इनमें बजरंग सिंह, मृत्युंजय सिंह, राधेश्याम सिंह तथा शंभू सिंह को गहरी चोटें लगीं. इन सभी का इलाज फिलहाल धोरैया अस्पताल में चल रहा है. थानाध्यक्ष राजीव सिंह के मुताबिक जख्मी शंभू सिंह के बयान पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया है.
Post A Comment
No comments :