वासंतिक नवरात्र : कायम हुआ श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का माहौल
बांका : वासंतिक नवरात्र आरंभ होते ही बांका सहित जिले भर में श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का माहौल कायम हो गया है. पूजा पाठ के लिए देवी मंडपों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. हर तरफ देवी सूक्त, दुर्गा सप्तशती और मार्कंडेय पुराण की ऋचाओं का स्वर गूंजने लगा है. वातावरण में हवन, धूप और गूगुल की सुगंध बिखेरने लगी है. जगह- जगह धार्मिक अनुष्ठान एवं तांत्रिक आयोजन शुरू हो गए हैं. मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना के साथ वासंतिक नवरात्र से संपूर्ण माहौल भक्तिमय हो गया है.
तिथि लोप की वजह से इस वर्ष एक ही दिन देवी दुर्गा के दो रूपों शैलपुत्री एवं ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा हो रही है.
फलस्वरुप गुरुवार को भगवती के चंद्रघंटा स्वरुप की पूजा अर्चना की जाएगी. बांका शहर के चांदन तट भयहरण स्थान स्थित चैती दुर्गा स्थान में बुधवार को पूर्ण वैदिक विधि विधान के साथ देवी दुर्गा की पूजा के निमित्त कलश स्थापन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी मंडप में उपस्थित हुए. इधर करहरिया, जगतपुर एवं विजयनगर स्थित दुर्गा स्थानों में भी पूजा पाठ के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही उमड़ने लगी.
वासंतिक नवरात्र का अवसर शीतला पूजन का भी एक विशिष्ट मौका होता है. फलस्वरुप शहर के भागलपुर रोड पेट्रोल पंप के समीप तथा विजयनगर शीतला मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा. उधर चुटिया के ग्रामीणों ने वासंतिक नवरात्र पूजा के प्रथम दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. बाजे गाजे और देवी देवताओं की झांकियों के साथ शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होकर चुटिया गांव पहुंची, जहां अनुष्ठान किया गया.
【 मनोज उपाध्याय 】

Post A Comment
No comments :