मांगों पर अड़े शिक्षकों ने किया मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार

मांगों पर अड़े शिक्षकों ने किया मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार
बांका : समान कार्य के लिए समान वेतन सहित 15 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नियोजित प्रारंभिक शिक्षकों ने सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों में प्रारंभिक स्कूलों के बच्चों के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया. बिहार नगर पंचायत प्रारंभिक शिक्षक संघ की बांका जिला इकाई के नेताओं ने मूल्यांकन के शत-प्रतिशत बहिष्कार का दावा किया है.
संघ के नेता पंकज कुमार ने कहा कि उनकी मांगें जायज हैं. वे इन्हें हासिल करके रहेंगे. राज्य सरकार शिक्षा के मामले में भेदभाव पूर्ण नीति अपना रही है, जिससे राज्यभर की शिक्षा व्यवस्था चरमरा रही है. उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे आंदोलन करते रहेंगे. पिछले दिनों पटना में विधानसभा का घेराव करते हुए शिक्षकों पर लाठीचार्ज की भी शिक्षक नेताओं ने निंदा की. उन्होंने कहा कि वे गांधीवादी विचारधारा पर चलते हुए अपना आंदोलन जारी रखेंगे. उन्होंने जिले के सभी प्रखंडों में मूल्यांकन बहिष्कार आंदोलन की शत-प्रतिशत सफलता का दावा किया.
इधर बाराहाट के सभी संकुलों में आयोजित  वर्ग एक से आठ तक के सभी बच्चों का मूल्यांकन होना था, जो कि नियोजित शिक्षकों कि मांग.. समान कार्य समान वेतन को लेकर चल रहे आंदोलन की भेंट चढ़ गयी. प्रखंड के सभी कुल चौदह संकुलों में पूर्ण रूप से मूल्यांकन बहिष्कार हो गया. प्रखण्ड अध्यक्ष पंकज कुमार सहित संकुल प्रभारी रोहित चौधरी, बिनु सिंह, उत्तम कुमार, महबूब आलम, बिनोद मंडल, प्रदीप मंडल, बलराम श्रीकृष्ण, बबलू दास, मो महमूद, अनीता कुमारी आदि सभी संकुलों पर निगरानी बनाए हुए हैं.
--मनोज उपाध्याय
Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook
  • Disqus Comment using Disqus

No comments :