छात्रा की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने फूंक डाले 7 ट्रक, पुलिस से भी झड़प


बांका : साइकिल से पढ़ने कोचिंग इंस्टिट्यूट जा रही एक छात्रा की ट्रक से कुचल कर हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने आज बांका शहर से बाहर कटोरिया रोड में झिरवा शांति नगर के पास 7 ट्रकों को फूंक डाला. उन्होंने सड़क जाम कर दिया और जमकर पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें भी गुस्से में खदेड़ दिया. बाद में बड़ी संख्या में सशस्त्र बल के साथ अनुमंडल दंडाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. लेकिन उन्हें भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. जाम करीब 6 घंटे तक चला.

जानकारी के अनुसार आज सुबह बांका सदर प्रखंड के चुटिया गांव की एक छात्रा अपनी साइकिल से कोचिंग में पढ़ने बांका आ रही थी. तभी बांका से ककवारा की ओर जा रहे एक ट्रक की चपेट में वह आ गयी. छात्रा की मौके पर ही मौत हो गयी. ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया. हादसे की खबर सुन छात्रा के घरवाले घटनास्थल पर पहुंचे. तब तक आस पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जुट गए और उन्होंने हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक को आग के हवाले कर दिया. ग्रामीणों ने वहीं सड़क जाम भी कर दिया. ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस की कथित लापरवाही और सड़कों पर बेलगाम दौड़ते ट्रकों को लेकर और बढ़ गई और वहां एक एक कर पहुंच रहे 7 ट्रकों को उन्होंने आग के हवाले कर दिया. इस दौरान घटनास्थल पर पूरी तरह अराजकता की स्थिति रही.

इस बीच पुलिस घटनास्थल पर पहुंची जरूर लेकिन उन्हें भी ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा. ग्रामीणों के तेवर और गुस्से को देखते हुए पुलिस वापस लौट गई. बाद में भारी संख्या में सशस्त्र बल लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अनुमंडल दंडाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, परंतु उन्हें भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों के साथ पुलिस की झड़प भी हुई. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, लेकिन जाम इससे पहले करीब 6 घंटे तक चला जिससे बांका देवघर अंतर्राज्जीय राजमार्ग पर इस दौरान यातायात बिल्कुल ठप्प रहा. ज्ञात हो कि बांका जिले में इन दिनों रोज सड़क दुर्घटनाओं की खबरें आ रही हैं. पिछले 3 दिनों के दौरान यहां की सड़कों पर बताशा दौड़ती ट्रकों की वजह से कम से कम 3 मौतें हो चुकी हैं. इनमें एक छात्र तथा एक छात्रा शामिल हैं.
Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook
  • Disqus Comment using Disqus

1 comment :

  1. दिन-प्रतिदिन सड़क दुर्घटना की बढ़ोतरी हो रही हैं, प्रशासन कुछ ठोस कदम नही उठा रही हैं।

    ReplyDelete