कुछ ही देर में गुरुधाम पहुंच रहे हैं देश के राष्ट्रपति महामहिम प्रणब मुखर्जी
बांका : कुछ ही देर में भारत के राष्ट्रपति महामहिम प्रणब मुखर्जी बांका जिले के मंदार स्थित योग आश्रम गुरुधाम पहुंचने वाले हैं. गुरुधाम में उनका आगमन दोपहर बाद 1:00 बजे हो रहा है. वे यहां करीब एक घंटे रुकेंगे. इस दौरान योगीराज श्यामाचरण लाहिड़ी एवं आचार्य भूपेंद्र नाथ सान्याल की प्रतिमा दर्शन के पश्चात वे उनकी पूजा अर्चना करेंगे. तत्पश्चात करीब आधे घंटे तक वे योग, ध्यान एवं साधना करेंगे. इसके बाद गुरु आश्रम के समक्ष बने विशेष मंच पर उनका संक्षिप्त अभिभाषण होगा.
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अभी कहलगांव स्थित विक्रमशिला से चलने वाले हैं. गत रात्रि राष्ट्रपति महोदय कहलगांव के NTPC परिसर स्थित मानसरोवर गेस्ट हाउस में ठहरे थे. सुबह बौद्धकालीन विश्वविद्यालय विक्रमशिला के अवशेषों के अवलोकन का उनका कार्यक्रम था. वहीं उनकी एक सभा भी हुई. भोजन के बाद अब वह गुरुधाम के लिए रवाना होने वाले हैं. इधर गुरुधाम आश्रम में उनके स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं. संपूर्ण परिसर को फूलों से सजाया गया है. प्रशासनिक स्तर पर उनके लिए सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
ज्ञात हो कि महामहिम प्रणब मुखर्जी देश के पहले राष्ट्रपति हैं जो गुरुधाम आश्रम पहुंच रहे हैं. इससे पहले डॉ राजेंद्र प्रसाद भी यहां आए थे. लेकिन तब वह राष्ट्रपति नहीं थे. गुरुधाम की स्थापना योगीराज श्यामाचरण लाहिड़ी के परम शिष्य आचार्य भूपेंद्र नाथ सान्याल ने 1929 ई में की थी. इसी परिसर में विश्वप्रसिद्ध श्यामाचरण लाहिड़ी वेद विद्यापीठ भी अवस्थित है.

Post A Comment
No comments :